भारत के सहयोग से फ़िल्म-निर्माण परियोजना की रूस की सरकार द्वारा पुष्टि
समाचार समिति रिया नोवस्ती ने ख़बर दी है कि रूस की सरकार ने भारत के सहयोग से फ़िल्मों का निर्माण करने की परियोजना का अनुमोदन कर दिया है। इस सिलसिले में एक पत्र रूस की सरकार की वेबसाइट पर प्रकाशित हुआ है।
सूचना में बताया गया है — रूस की सरकार और भारत की सरकार के बीच सँयुक्त रूप से ओडियो-विजुएल उत्पादन करने के बारे में हुई सहमति के बारे में समझौते का रूस की सरकार ने अनुमोदन कर दिया है।
इस समझौते में कहा गया है कि ये फ़िल्में ’राष्ट्रीय फ़िल्म’ के स्तर पर सँयुक्त रूप से बनाई जाएँगी। समझौते में दो देशों के सिनकारों के शूटिंग-दल के एक-दूसरे के देश में आवागमन से सम्बन्धित नियम तथा शूटिंग तकनीक के एक-दूसरे के यहाँ अस्थाई तौर पर लाने-ले जाने से जुड़े नियम और सँयुक्त फ़िल्मों में दोनों देशों के निवेश से सम्बन्धित नियम तय किए गए हैं।
सूचना में बताया गया है कि इस समझौते की वजह से रूसी-भारतीय फ़िल्मों का बाज़ार बढ़ेगा तथा रूसी फ़िल्म उत्पादन का विकास होगा। यह समझौता रूस और भारत के बीच सांस्कृतिक सम्पर्कों को भी मज़बूत बनाएगा।
यह दस्तावेज़ रूस के सांस्कृतिक मन्त्रालय द्वारा सरकार के सामने प्रस्तुत किया गया। रूस के सांस्कृतिक मन्त्रालय को यह ज़िम्मेदारी दी गई है कि वह रूस के विदेश मन्त्रालय के सहयोग से इस सिलसिले में भारत के विभिन्न विभागों के साथ ज़रूरी बातचीत करे तथा सैद्धान्तिक रूप से विशेष महत्व न रखने वाले अन्य आवश्यक समझौते करे।