विडियो : लड़ाकू विमान एसयू-35 कितना सक्षम, कितना मारक
रूस के रक्षा मन्त्रालय ने यू-ट्यूब पर एक ऐसा विडियो जारी किया है, जो नवीनतम रूसी लड़ाकू विमान एसयू-35एस की युद्ध-क्षमताओं को दिखाता है।
यह विडियो क्लिप एसयू-35एस लड़ाकू विमान की एक उड़ान का है, जिसमें शुरू से आख़िर तक इस विमान की उड़ान दिखाई गई है। विमान ज़मीन से ऊपर उठता दिखाई देता है और फिर आकाश में अपने करतब दिखाने लगता है। वह तरह-तरह के पैंतरे बदलता है और फिर आकाश में जैसे नाचने लगता है। सिर्फ़ शक्तिशाली और सुगम संचालित इंजन वाले विमान ही ये करतब दिखा सकते हैं। जैसे विडियो के एक दृश्य में दक्ष रूसी पायलट आकाश में ’चिनार के पत्ते’ का आकार बनाते हैं।
नए रूसी लड़ाकू विमान में न सिर्फ़ आकाशीय युद्ध में पैंतरेबाज़ी की क्षमता बहुत ज़्यादा है, बल्कि यह विमान 400 किलोमीटर दूर से दुश्मन का पता भी लगा लेता है। इस विमान में लगे हथियार एक साथ 30 लक्ष्यों पर निशाना साध सकते हैं और एक साथ एक बार में आठ लक्ष्यों को निशाना बना सकते हैं।
एसयू-35एस आठ टन तक भारी हवा से हवा में या हवा से ज़मीन पर मार करने वाले मिसाइल लेकर उड़ सकता है। ये मिसाइल विभिन्न दूरियों पर स्थित 12 लक्ष्यों पर मार कर सकते हैं। ऐसा करते हुए विमान दुश्मन की मार या दुश्मन के हमले से ख़ुद को सुरक्षित रख सकता है यानी आलोपन तकनीक से लैस यह विमान दुश्मन की हवाई सुरक्षा प्रणालियों के लिए पूरी तरह से अदृश्य रहेगा और वे इसे नहीं ढूँढ़ पाएँगी। आजकल रूसी वायुसेना के पास 52 एसयू-35 लड़ाकू विमान हैं।
पिछले साल के आख़िर में रूस ने चार एसयू-35 विमानों का चीन को निर्यात किया है। आने वाले सालों में इण्डोनेशिया की वायुसेना को भी ऐसे 12 विमानों की सप्लाई की जाएगी। भारत और मलेशिया भी अपनी-अपनी सेना के लिए एसयू-35 विमान ख़रीदने की सोच रहे हैं।